धामेंडा धाम धूणे पर शीतल जल के लिए भामाशाह ने भेंट किया वाटर कूलर, महंतों के सानिध्य में हुआ उद्घाटन
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जीव सेवा और परोपकार की भावना के साथ ग्राम पंचायत मुण्डावरा के ढाणी साल्याला निवासी भामाशाह परिवार ने अनूठी पहल की है। उपखण्ड के अरावली पर्वतमाला की तलहटी में स्थित खेड़ापति बाबा पीर संज्यानाथजी महाराज की तपोस्थली धामेंडा धाम धूणे पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु वाटर कूलर स्थापित किया गया है।
भामाशाह नारायण सैनी (पुत्र मूलाराम सैनी) एवं मुकेश सैनी (पुत्र मूसाराम सैनी) द्वारा न केवल वाटर कूलर भेंट किया गया, बल्कि इसके लिए एक पक्का चबूतरा भी निर्मित करवाया गया है। इससे मंदिर आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं को अब चिलचिलाती गर्मी में शीतल जल उपलब्ध हो सकेगा।
वाटर कूलर का शुभारंभ महंत पीर विवेकनाथ महाराज एवं विनयनाथ महाराज के पावन सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। संतों ने फीता काटकर कूलर का उद्घाटन किया और भामाशाह परिवार के इस सेवाभावी कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी एवं कार्यकर्ताओं ने भामाशाह परिवार का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह के दौरान हनुमान सैनी, मोहनलाल सैनी, महेश सैनी, रामावतार सैनी, संजू सैनी, पंकज सैनी, अर्जुन लाल सैनी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


