डिहाइड्रेशन, उल्टी व दस्त व बुखार के मामले बढ़े, डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी

May 1, 2026 - 18:55
 0
डिहाइड्रेशन, उल्टी व दस्त व बुखार के मामले बढ़े, डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी

खैरथल (हीरालाल भूरानी ) अचानक बढ़ी तेज गर्मी का असर आमजन के स्वास्थ्य पर साफ नजर आ रहा है। खासकर छोटे बच्चे तेजी से गर्मी की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में बच्चों की ओपीडी लगातार बढ़ रही है, जहां डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त, बुखार और कमजोरी जैसे लक्षणों के साथ मरीज पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण वे गर्मी का असर ज्यादा झेल नहीं पाते। तेज धूप और लू से शरीर में पानी की कमी होने पर तबीयत बिगड़ने लगती है। हालांकि गर्मी का असर वयस्कों और बुजुर्गों पर भी पड़ रहा है। सैटेलाइट अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस सप्ताह ओपीडी 600 के आंकड़े को पार कर गई। सोमवार को 537, मंगलवार को 617, बुधवार को 519 और गुरुवार को 503 मरीज पहुंचे। हालांकि बुधवार को बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई, जिससे थोड़ी राहत मिली।
अस्पताल में सबसे ज्यादा मरीज उल्टी, दस्त, सिरदर्द और बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति अधिक गंभीर देखी जा रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बड़ी समस्या बनी हुई है। कई मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कुछ को बिना समुचित जांच के ही लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों के 13 पद स्वीकृत हैं, जिनमें नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, सर्जन और दो एमओ के पद रिक्त हैं, जिससे इलाज प्रभावित हो रहा है। अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन नहीं होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। इससे समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है।
 इस संबंध में सेटेलाइट अस्पताल खैरथल के पी एम ओ डॉ नितिन शर्मा ने बताया कि इन दिनों सैटेलाइट अस्पताल में उल्टी, दस्त, बुखार और सिरदर्द के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। हीट वेव से बचाव के लिए दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ व नींबू पानी का सेवन करें। बुधवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे कुछ राहत मिली है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................