अनावड़ा गाँव में अज्ञात कारणो के चलते हुए छप्पर मे आग लगने से नकदी और घरेलू सामान जला
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। राजगढ़ क्षेत्र के अनावड़ा गांव की बैरवा बस्ती में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ अज्ञात कारणों से एक छप्पर में आग लग गई। इस घटना में पीड़ित परिवार की २० हजार रुपए की नकदी सहित घर का सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय निवासी लोकेन्द्रसिंह भाटी ने बताया कि आग हठीला बैरवा के छप्पर में लगी थी। आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने घरों से बर्तनों और डिब्बों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक छप्पर के अंदर रखा सामान नहीं बचाया जा सका।
पीड़ित हठीला बैरवा ने बताया कि इस भीषण आग में उनकी मेहनत की कमाई के 20हजार रुपए नकद, तीन बोरी गेहूं, कपड़े और घर का अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द नुकसान का आकलन (सर्वे) करवाया जाए और उन्हें उचित सरकारी सहायता प्रदान की जाए।


