पैरा एथलेटिक्स अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह का गृह क्षेत्र भरतपुर में भव्य स्वागत; स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने का लिया संकल्प
भरतपुर (राजस्थान/ विष्णु मित्तल) राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह फौजदार के भरतपुर आगमन पर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शहर के कृष्णा नगर स्थित प्रबल टॉवर पर आयोजित इस अभिनंदन समारोह का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष केशव शाहपुर ने किया।
कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के जिला मंत्री रॉकी जाटव ने डॉ. सिंह का पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अरविंदपाल सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. सिंह के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारतीय पैरा-खिलाड़ी आज वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ा रहे हैं।
मूल रूप से भरतपुर जिले के निवासी डॉ. नरेंद्र सिंह ने अपने गृह क्षेत्र के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए कहा: "भरतपुर में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। मेरा संकल्प है कि स्थानीय युवाओं को खेल की आधुनिक सुविधाएं और उचित मंच प्रदान किया जाए, ताकि यहाँ के खिलाड़ी भी पैरालंपिक और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए मेडल जीत सकें।"
इस भव्य स्वागत समारोह में वीरेंद्र करही, राहुल, हरेंद्र, भगत शाहपुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय युवा उपस्थित रहे।


