घर से खेलने निकला था 12 साल का मासूम, 3 दिन बाद भी सुराग नहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल

May 23, 2026 - 20:43
 0
घर से खेलने निकला था 12 साल का मासूम, 3 दिन बाद भी सुराग नहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल

कठूमर (दिनेश लेखी)। उद्योगनगर थाना क्षेत्र के झारेडा से एक 12 वर्षीय मासूम के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेलने की उम्र में घर से निकला बच्चा जब देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सुबह खेलने निकला था मासूम, शाम तक नहीं लौटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से खेरली गंज थाना क्षेत्र के गांव दांतिया की रहने वाली और वर्तमान में झारेडा निवासी वैजंती पत्नी राजू राजपूत ने उद्योगनगर थाने में रोते हुए अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र रवि उर्फ सूरज बीते 20 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे हमेशा की तरह घर से बाहर खेलने के लिए निकला था।

जब देर शाम तक भी रवि घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के संभावित सभी इलाकों में दिन-रात एक करके उसकी काफी तलाश की, लेकिन मासूम का कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। थक-हारकर परिजनों ने पुलिस की शरण ली।

आखिरी बार काली टी-शर्ट और पेंट में देखा गया था रवि

थाने में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, लापता रवि (सूरज) ने घर से निकलते समय काले रंग की टी-शर्ट और काले रंग का पेंट पहन रखा था। बदहवास परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके कलेजे के टुकड़े को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।

एएसआई नामो नारायण मीणा को सौंपी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए उद्योगनगर थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर ली है। इस पूरे मामले की कमान सहायक उप निरीक्षक (ASI) नामो नारायण मीणा को सौंपी गई है। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और ग्रामीणों से पूछताछ करने में जुट गई हैं ताकि बच्चे का जल्द पता लगाया जा सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................