लक्ष्मणगढ़ में दिखी सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल; ईदगाह के बाहर प्याऊ लगाकर और साफा बांधकर किया नमाजियों का स्वागत
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। कस्बे में आज ईद के पावन अवसर पर हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। जालूकी रोड स्थित मस्जिद ईदगाह के बाहर स्थानीय हिंदू परिवारों द्वारा मुस्लिम भाइयों के स्वागत और सत्कार के लिए विशेष आयोजन किया गया, जिसने क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द का अनूठा संदेश दिया है।
यह सराहनीय आयोजन हैल्दनिया के पूर्व प्रधान बिहारी लाल के परिवार एवं हरियाणा परिवार द्वारा मेंव बोर्डिंग के सामने संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत ईद की नमाज अदा कर बाहर आ रहे नमाजियों पर जहां फूलों की बारिश की गई, वहीं मुस्लिम समुदाय के बुजुर्गों का पारंपरिक रूप से साफा बांधकर और माला पहनाकर आत्मीय सम्मान किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए नमाजियों के लिए मीठे शरबत की प्याऊ लगाई गई और सभी का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयां बांटी गईं।
लक्ष्मणगढ़ कस्बे में मुस्लिम समुदाय के दोनों प्रमुख ईद के मौकों पर इस तरह के आपसी सौहार्द और भाईचारे की कई बेहतरीन तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि त्योहारों के मौके पर किए जाने वाले ये छोटे-छोटे निस्वार्थ प्रयास दिलों की दूरियों को मिटाते हैं और हमारे देश की साझा संस्कृति व गंगा-जमुनी तहज़ीब को और अधिक मजबूती प्रदान करते हैं। इस सद्भावनापूर्ण आयोजन की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।


