लक्ष्मणगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया ईद-उल-अजहा का पर्व, अमन-चैन की मांगी दुआएं
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन ) कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र के मौजपुर हरसाना में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआएं मांगी। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबा दी गई।
आज सुबह से ही मुस्लिम परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। नए परिधानों में सजे-धजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंचे। कस्बे की मेव बोर्डिंग जामा मस्जिद में मौलाना उमर ने विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
समाज के सदर छोटेलाल मास्टर ने बताया कि ईद के मौके पर घरों में खीर, सेवइयों और अन्य विशेष पकवान बनाए गए। दावतों का दौर चला, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समाज के लोगों ने जरुरतमंदों की मदद का विशेष ध्यान रखा। दोपहर बाद परंपरा अनुसार जानवरों की कुर्बानी दी गई। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। डीएसपी कैलाश जिंदल, एसएचओ नेकीराम और सब-इंस्पेक्टर हरिमन की देखरेख में पुलिस जाप्ता प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न हो । पर्व आपसी भाईचारे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


