प्रस्तावित सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को आवासीय क्षेत्र मे नहीं लगाने की मांग
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ आवाज मंच के बैनर तले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के नाम पर प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को आबादी क्षेत्र में नही बनाकर आवासीय क्षेत्र से दूर बनवाने को लेकर संयोजक मुकेश जैमन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सीमा मीना के नाम ज्ञापन सौंपा।
राजगढ़ आवाज मंच के संयोजक मुकेश जैमन ने बताया कि कारोठ, बैडा व गिजगरिया मौहल्ला, ख्वास जी का बाग में वाटर ट्रीटमेंट के नाम पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगो मे आक्रोश है। प्रस्तावित प्लांट आबादी क्षेत्र के अत्यन्त निकट बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में गंदगी, दुर्गंध, जल एवं वायु प्रदूषण जैसी गम्भीर समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि इससे आस-पास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा व बच्चो सहित आने वाली पीढ़ियों के जीवन पर भी खतरा उत्पन्न होगा। इसको लेकर उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से आबादी क्षेत्र से अन्यत्र स्थान पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को बनवाने की मांग की है। इस पर एसडीएम ने काम रुकवाने का आश्वासन दिया है।


