वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित हुए विविध जनजागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत रविवार को जिलेभर की ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण तथा अन्य विभागों के समन्वय से जनभागीदारी आधारित गतिविधियां संचालित की गईं।
ग्राम पंचायत नाखनौल में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं जल स्रोतों के आसपास सफाई कार्य किया गया। ततारपुर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर जीव संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं महरमपुर में ग्रामीणों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में जोहड़ों की खुदाई एवं सफाई कार्य, प्राचीन तालाबों एवं जलाशयों के संरक्षण संबंधी गतिविधियां, सोकता गड्ढों की साफ-सफाई तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने वाले कार्य किए गए। मंदिरों, मुख्य मार्गों, चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
राजीविका के ग्राम संगठनों एवं सीएलएफ कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की गईं।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करना है।


