शहरी सेवा शिविर में आमजन की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान; 11 पट्टे, 8 नाम हस्तांतरण प्रमाण पत्र एवं विभिन्न प्रकरणों का किया गया निस्तारण
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को प्राधिकरण परिसर में शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन से प्राप्त विभिन्न प्रकार के परिवादों एवं समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की गई।
शिविर के दौरान भरतपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त कनिष्क कटारिया ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त परिवादों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य सरकार द्वारा शिविरों के माध्यम से प्रदान की जा रही विभिन्न रियायतों एवं सुविधाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अनेक प्रकरणों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निस्तारण किया गया। इससे आमजन को राहत मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान में तेजी आई।
भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शिविर के दौरान विभिन्न राजस्व एवं संपत्ति संबंधी प्रकरणों का निस्तारण करते हुए कुल 11 पट्टे जारी किए गए। इसके अतिरिक्त 8 नाम हस्तांतरण प्रमाण पत्र, 2 लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा 2 लीज होल्ड से फ्री होल्ड में परिवर्तित पट्टे जारी किए गए। वहीं पूर्व में जारी पट्टों के समर्पण के पश्चात एक पट्टा पुनः जारी किया गया।
शिविर में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को विभिन्न योजनाओं, प्राधिकरण की सेवाओं एवं उपलब्ध रियायतों की जानकारी भी प्रदान की।


