संभागीय आयुक्त एवं प्रभारी सचिव कठोतिया ने किया अस्तावन ग्रामीण शिविर और कुम्हेर शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण
डीग (नीरज जैन) संभागीय आयुक्त भरतपुर एवं प्रभारी सचिव डीग नलिनी कठोतिया ने गुरुवार को डीग जिले के कुम्हेर उपखंड के ग्राम अस्तावन में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया,साथ ही उन्होंने नगर पालिका कुम्हेर पहुँचकर वहाँ आयोजित शहरी सेवा शिविर की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम अस्तावन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त कठौतिया ने सभी विभागों के स्टॉल्स पर जाकर व्यवस्थाओं और योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर शिविर में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक परिवाद का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया। उन्होंने बिजली, पेयजल और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को पाबंद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिविरों की प्रभावशीलता बढ़ाने के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य शिविर से पूर्व ही प्री-कैंप के माध्यम से आवेदन पत्र और पत्रावलियां तैयार कर ली जाएं, ताकि मुख्य शिविर के दिन आवेदकों की समस्याओं का सीधे मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया जा सके।
इसके पश्चात, संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया ने नगर पालिका कुम्हेर का निरीक्षण कर वहाँ संचालित शहरी सेवा शिविर की प्रगति की समीक्षा की। शहरी शिविर में नगर पालिका प्रशासन द्वारा आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। कठोतिया ने शिविर में पात्र परिवारों को 9 आवासीय पट्टों का वितरण कर उन्हें मालिकाना हक सौंपा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण की प्रगति के अनुसार अगली किस्त की राशि जारी की गई। शहरी क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे दुकानदारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृत कर लाभार्थियों को मौके पर ही लाभांवित किया गया। प्रभारी सचिव ने नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की मंशानुरूप शहरी क्षेत्र के अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद व्यक्ति तक इन शिविरों के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित राहत पहुँचाना सुनिश्चित करें।


