33/11 केवी अटारी जीएसएस हुआ चार्ज, क्षेत्रवासियों को मिलेगी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ऊर्जा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में जिले को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। लगभग 267 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र (जीएसएस) अटारी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही इसे सफलतापूर्वक चार्ज कर दिया गया है।
अधीक्षण अभियन्ता विद्युत रामहेत मीणा ने बताया कि नवीन 33/11 केवी जीएसएस के चालू होने से अटारी, टोहिला, अलीपुर, बछामदी सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग तथा ओवरलोड की समस्या से भी राहत मिलेगी। इससे घरेलू, कृषि एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि नवीन विद्युत व्यवस्था के तहत 33/11 केवी जीएसएस विनउआं से संचालित जटमासी, विनउआं, कांधौली एवं महलपुर काछी फीडरों पर आने वाले लगभग 10 गांवों के उपभोक्ताओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के लगभग 1450 घरेलू तथा 150 कृषि विद्युत कनेक्शनधारकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि नवीन उपकेंद्र के संचालन से क्षेत्र में विद्युत वितरण प्रणाली और अधिक मजबूत होगी। भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए यह उपकेंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सिंचाई, शिक्षा, व्यापार एवं जनजीवन को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।


