बीडीए की नई पहल वर्षा जल निकासी पंपों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता, बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर विकास प्राधिकरण ने वर्षाकाल को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। प्राधिकरण ने वर्षा जल निकासी हेतु संचालित पंपों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की है, जिससे पंपों के संचालन की रियल टाइम स्थिति अब आमजन भी देख सकेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य जल निकासी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि वर्षा के दौरान शहरवासियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया के द्वारा शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों में पंप संचालन और निगरानी के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जोनवार जिम्मेदारी तय की गई है। वर्षा ऋतु के दौरान संचालित सभी पंपों की वास्तविक समय की स्थिति अब भरतपुर विकास प्राधिकरण की वेबसाइट और मानसून पंप डैसबोर्ड के माध्यम से देखी जा सकेगी। इससे नागरिक यह जान सकेंगे कि उनके क्षेत्र में स्थापित पंप संचालित हैं अथवा नहीं। यह व्यवस्था केवल तकनीकी निगरानी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नागरिक सहभागिता को भी मजबूत करेगी। यदि किसी नागरिक द्वारा किसी पंप के संचालन को लेकर शिकायत दर्ज कराई जाती है और सत्यापन में यह पाया जाता है कि संबंधित संवेदक द्वारा ऐप पर पंप को चालू दिखाया गया, जबकि वास्तव में पंप बंद था या संचालित नहीं किया गया, तो संबंधित पंप के उस दिन के रनिंग चार्जेस का भुगतान रोकते हुए राशि संवेदक के बिल से काटी जाएगी।
बीडीए आयुक्त के निर्देश पर बीडीए अधीक्षण अभियन्ता योगेश माथुर की अध्यक्षता में सभी संबंधित अभियंताओं एवं पंप संचालन एजेंसी के संवेदकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संवेदकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने पंप, अल्टीनेटर, पाइप, विद्युत केबल, ईंधन तथा अन्य आवश्यक मशीनरी एवं उपकरणों को पर्याप्त संख्या में हर समय तैयार और कार्यशील अवस्था में रखें, ताकि वर्षा के दौरान किसी भी तकनीकी बाधा की स्थिति में तुरंत जल निकासी कार्य शुरू किया जा सके। बीडीए अधीक्षण अभियन्ता ने आमजन से अपील की है कि यदि प्राधिकरण क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है अथवा किसी स्थान पर स्थापित पंप के संचालन में कोई अनियमितता दिखाई देती है, तो इसकी सूचना प्राधिकरण के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05644-230688 पर तत्काल दें। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्रवार प्रभारी संभालेंगे जिम्मेदारियां-
बीडीए अधीक्षण अभियन्ता योगेश माथुर ने बताया कि प्रथम क्षेत्र में हीरादास सर्किल, सरसों अनुसंधान केन्द्र, सेवर तिराहा, एनएच, शीशम तिराहा, काली बगीची एवं आसपास का क्षेत्र का जोन प्रभारी अधिशाषी अभियंता दुर्गाप्रसाद शर्मा-8209995497 तथा सहायक प्रभारी मनोज पाराशर-9460505714 होंगे।
द्वितीय क्षेत्र में सारस चौराहा, मानसिंह चौराहा, काली बगीची, शीशम तिराहा एवं आसपास का क्षेत्र का जोन प्रभारी अधिशाषी अभियंता बनवारीलाल शर्मा-9829596144 तथा सहायक प्रभारी मनोज पाराशर-9460505714 रहेंगे।
तृतीय क्षेत्र में सारस चौराहा, आगरा रोड, अछनेरा रोड, मानसिंह चौराहा, बिजलीघर चौराहा सहित संबंधित क्षेत्र का जोन प्रभारी अधिशाषी अभियंता बहादुर सिंह-9413399626 तथा सहायक प्रभारी दिनेश कुमार-7073666614 एवं अहसान अली-9588955731 होंगे।
चतुर्थ क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, रेडक्रॉस, कुम्हेर गेट, हीरादास सर्किल, सरसों अनुसंधान केन्द्र, मथुरा बाईपास, अखण्ड तिराहा एवं कंजौली लाईन का क्षेत्र का जोन प्रभारी अधिशाषी अभियंता बृजेश सिंह-9785226276 तथा सहायक प्रभारी दिनेश कुमार-7073666614 रहेंगे।
पंचम क्षेत्र में अछनेरा रोड, मानसिंह सर्किल, कन्नी गुर्जर चौराहा, सूरजपोल, आरबीएम, रेडक्रॉस, रेलवे स्टेशन एवं मथुरा रोड के मध्य क्षेत्र के जोन प्रभारी अधिशाषी अभियंता जगदीश शर्मा-9468625597 तथा सहायक प्रभारी अहसान अली-9588955731 नियुक्त किए गए हैं।
षष्ठम क्षेत्र में सर्कुलर रोड के अंदर का समस्त क्षेत्र के जोन प्रभारी तहसीलदार मुकेश मीणा-9784225335 तथा सहायक प्रभारी ज्ञान सिंह (आईएलआर)-8209667800 रहेंगे। पैरीफेरी क्षेत्र (पूर्व जोन) के अतिरिक्त समस्त पैरीफेरी क्षेत्र पश्चिम जोन के लिए तहसीलदार मनीष मीणा-7976753982 को जोन प्रभारी तथा दीवान सिंह-8619886045 (आईएलआर) को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार कनिष्ठ अभियंताओं एवं पटवारियों की भी तैनाती की गई है, जो स्थानीय स्तर पर जल निकासी व्यवस्था की सतत निगरानी करेंगे।


