मरीजों का दिल जीतने वाले डॉ. संदीप शर्मा को पौंख सीएचसी में दी भावभीनी श्रद्धांजलि; शोक सभाओं में उमड़ी भीड़
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) पौंख के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कार्यरत रहे समर्पित चिकित्सक स्व. डॉ. संदीप शर्मा के द्वादश (12वें दिन) पर शुक्रवार को चिकित्सालय परिसर में एक शोक सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने डॉ. संदीप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया।
डॉ. संदीप शर्मा ने पौंख सीएचसी पर 5 वर्ष और 2 महीने तक अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी थीं। वे अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के कारण मरीजों के बीच बेहद लोकप्रिय थे और हर किसी का दिल जीत लेते थे। उनके निधन के बाद से ही उनके निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले लोगों का तांता लगा रहा। चिकित्सालय स्टाफ ने उनके साथ बिताए सेवाकाल को याद करते हुए उनके जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायक और काबिले-तारीफ संस्मरण साझा किए। डॉ. शर्मा की स्मृति में नेवरी, किशोरपुरा और पौंख में भी विशाल शोक सभाओं का आयोजन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. संदीप शर्मा गुढ़ा निवासी और क्षेत्र के सुख-दुख के साथी श्रवण कुमार जोशी (वैद्यजी) के दामाद थे, जिनके प्रति स्थानीय लोगों में गहरा लगाव है।
इस दुखद अवसर पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. आनंदीलाल कुमावत, डॉ. एकता चौधरी, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी मोहन लाल सैनी, नर्सिंग अधिकारी मूलचंद सैनी, प्रमुख समाजसेवी सुरेश मीणा (किशोरपुरा), रवींद्र सिंह पौंख, गोपाल सिंह शेखावत, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल महावीर प्रसाद, शिक्षाविद् मंगल चंद सैनी, ब्रह्मदत्त मीणा गुढ़ा, भवानी सिंह, विजेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार मीणा, मनोज कसाना, सुनील खटाना, नरसी चंवरा, भविष्य, नेतराम सैनी, सुशीला सैनी, अमिला चौधरी, संजीव, संदीप चौधरी और संदीप कुमावत सहित भारी संख्या में ग्रामीण और अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।


