विद्यार्थियों को मिलेगी शीतल पेयजल की सुविधा, श्री श्याम महिला मंडल ने विद्यालय को भेंट किया वाटर कूलर
कठूमर (दिनेश लेखी) खेड़ली कस्बे के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में छात्राओं को गर्मी के मौसम में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए श्री श्याम महिला मंडल, खेड़ली की अध्यक्षा सीमा लोहिया द्वारा विद्यालय को एक वाटर कूलर भेंट किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खेड़ली नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष संजय गीज़गड़िया, उनकी धर्मपत्नी मंजू गुप्ता तथा श्याम महिला मंडल की पदाधिकारी सीमा सर्राफ सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में समाज की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के ऐसे प्रयास अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और शीतल पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकिशन तिवाड़ी ने श्री श्याम महिला मंडल एवं सीमा लोहिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वाटर कूलर के स्थापित होने से छात्राओं को नियमित रूप से स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिलेगी। विद्यालय स्टाफ ने भी इस जनहितकारी सहयोग की सराहना करते हुए इसे समाज और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा छात्राओं ने भी इस सहयोग के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। सामाजिक सरोकार से जुड़ी इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।


