विकास अधिकारी हरिओम मीना ने संभाला पंचायत समिति कठूमर का कार्यभार
कठूमर (दिनेश लेखी) पंचायत समिति कठूमर में नवनियुक्त विकास अधिकारी हरिओम मीना ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालने पर पंचायत समिति परिसर में स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सरपंच संघ एवं ग्राम विकास अधिकारियों सहित पंचायत समिति के अधिकारियों -कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सरपंच संघ के अध्यक्ष जोरमल जाटव के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं संघ के पदाधिकारी पंचायत समिति पहुंचे। इस दौरान नवनियुक्त विकास अधिकारी हरिओम मीना का पारंपरिक राजस्थानी साफा बांधकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारियों एवं पंचायत समिति के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विकास अधिकारी का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम के दौरान विकास अधिकारी हरिओम मीना ने सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं ग्राम विकास अधिकारियों तथा कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पारदर्शी, जवाबदेह एवं संवेदनशील प्रशासन के साथ टीम भावना से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सौहार्दपूर्ण रहा। बड़ी संख्या में सरपंच, पंचायत समिति के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


