खैरथल-तिजारा जिले की 5 ग्राम पंचायतों में कल लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर, मौकों पर ही होंगे समस्याओं के समाधान
फॉलोअप अभियान के तहत प्रशासन पहुँचेगा ग्रामीणों के द्वार; राजस्व मामलों के निस्तारण और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राज्य सरकार के निर्देशों के तहत 21 जुलाई से 31 अगस्त तक चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों के फॉलोअप चरण में 5 अगस्त को जिले की 5 प्रमुख ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, पेंडिंग राजस्व प्रकरणों को निपटाना और अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
जिला प्रशासन के अनुसार 5 अगस्त को उपखंड किशनगढ़बास की ग्राम पंचायत धमूकड (अटल सेवा केंद्र), उपखंड कोटकासिम की ग्राम पंचायत आकोली (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय), उपखंड तिजारा की ग्राम पंचायत विरामपुर (अटल सेवा केंद्र) तथा उपखंड मुंडावर की ग्राम पंचायत दरबारपुर व हटूंडी के अटल सेवा केंद्रों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागीय सेवाओं का सीधा लाभ पहुँचाया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूर्व तैयारी पूरी रखें ताकि शिविर स्थल पर आने वाले आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।

