शनिदेव मंदिर पर सजा भक्ति का रंग: मेले में खरीदारी और झूलों का आनंद, भंडारे में उमड़े लोग
राजपुर बड़ा में शनिदेव भगवान का एकदिवसीय वार्षिक मेला आयोजित, दर्शनों के लिए उमड़ी भारी भीड़
सकट (अलवर): क्षेत्र के राजपुर बड़ा स्थित धाकड़ मोहल्ला के शनिदेव मंदिर परिसर में एकदिवसीय वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने शनिदेव भगवान की पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और परिक्रमा कर क्षेत्र में शांति व खुशहाली की मन्नतें मांगी।
भव्य झांकी और रातभर चली भजन संध्या: ग्रामीण ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि मेले की पूर्व संध्या पर शनिवार रात मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय गायक कलाकारों—छोटेलाल सैनी, ओमी ठेकेदार, दिनेश सैनी, दिनेश प्रजापत, सत्य प्रकाश शर्मा, घनश्याम चौला, बाबूलाल सैनी, रामोतार सैनी, शिम्भू सैनी, ओमी सैनी, गुलाब सैनी व भारत सैन ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से रातभर श्रोताओं को बांधे रखा। इस दौरान शनिदेव भगवान की प्रतिमा की सुगंधित पुष्पों से मनमोहक झांकी भी सजाई गई।
मेले में खरीदारी का दौर और भंडारा:
-
दुकानों और झूलों की रौनक: मेले में लगीं सजावट, खान-पान, खिलौने और घरेलू सामान की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की, वहीं बच्चों ने चाट-पकौड़ी का स्वाद चखते हुए झूलों का लुत्फ उठाया।
-
महाप्रसादी भंडारा: मेले के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने अनुशासित रूप से पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

