टिकट के लिए पार्टी दफ्तरों के चक्कर, तो वार्डों में शुरू हुआ जनसंपर्क; प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के इंतजार में मतदाता
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में चुनावी सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी गोटियां बिछाना शुरू कर दिया है। यद्यपि प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा अभी तक उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दावेदार चुनावी मैदान में माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
दलों में दावेदारी, वार्डों में बिछने लगी चौसर
- टिकट के लिए जुगत: टिकट पाने की दौड़ में शामिल संभावित प्रत्याशी संगठन और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने में जुटे हुए हैं।
- घर-घर जनसंपर्क: टिकट की आधिकारिक घोषणा से पहले ही दावेदारों ने अपने-अपने वार्डों में सक्रियता बढ़ा दी है। मतदाता सूची खंगालने से लेकर वार्ड के लोगों के साथ संपर्क बढ़ाकर माहौल को अपने पक्ष में करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
मतदाताओं का रुख: 'तस्वीर साफ होने के बाद करेंगे फैसला'
इधर कस्बे के आम मतदाताओं का कहना है कि वे फिलहाल प्रत्याशियों की हर गतिविधि पर बारीक नजर बनाए हुए हैं। मतदाताओं के अनुसार, जब राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी हो जाएगी और चुनावी मैदान की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी, तभी वे अपना रुझान और फैसला तय करेंगे।

