भरतपुर में 17 सितंबर से 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' का आगाज, 12 प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़ेगा हर नागरिक
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 16 सितम्बर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक विभिन्न जनसेवा, सामाजिक सरोकार, रचनात्मक गतिविधियों एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 12 प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियां निर्धारित की गई हैं।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि अभियान के नोडल अधिकारी सीईओ जिला परिषद को बनाया गया है इस अभियान में सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी।
अभियान के तहत आयोजित होने वाले 12 कार्यक्रम एवं गतिविधियां
आशीर्वाद का दीया 17 सितम्बर, 2026 को सायं 7 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों के घर पर दीपक जलाया जायेगा। जिला मुख्यालय पर आरबीएम एवं सभी उपखंड स्तरीय अस्पतालों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इससे आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए सामाजिक सहयोग एवं जनसेवा की भावना को मजबूत किया जाएगा।
मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर, 2026 तक होगा। इसके अंतर्गत रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना, सपनों एवं संकल्पों को अभिव्यक्ति देने के लिए सभी शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों द्वारा चित्र बनाये जायेगें।
नमो सेवा-अनकही कहानियां ग्रामीण क्षेत्र में 18 से 25 सितम्बर तथा शहरी क्षेत्र में 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक के माध्यम से सेवा कार्यों एवं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली लाभार्थियों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा। आंगन मिलन सेवा 25 से 27 सितम्बर तक आयोजित होगा। इसके माध्यम से आपसी मेलजोल, सामाजिक सहभागिता एवं सेवा भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
सेवा की कहानी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियों को साझा किया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा 7 अक्टूबर, के द्वारा सेवा, समर्पण एवं जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान 2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें सभी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाया जायेगा। सेवा सेतु अभियान ग्रामीण क्षेत्र में 19 से 25 सितम्बर तथा शहरी क्षेत्र में 8 से 16 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। सेवा के रंग, राष्ट्र के संग 24 सितम्बर एवं 11 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अंतर्गत विविध रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सहयोग एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 1 से 15 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसके माध्यम से युवाओं के नवाचार, नए विचारों एवं रचनात्मक समाधानों के सम्बन्ध में सुझाव लिए जायेगें। सुशासन सेवा संवाद के माध्यम से सुशासन, जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श को बढ़ावा दिया जाएगा।

