जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण; मतदान व्यवस्थाओं का लिया जायजा,

Nov 3, 2026 - 20:28
 0
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण;  मतदान व्यवस्थाओं का लिया जायजा,

भरतपुर,  (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पंचायत आम चुनाव के तहत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने मंगलवार को जिले के बयाना, वैर एवं नदबई विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतदान कार्मिकों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के व्यवस्थित प्रवेश एवं मतदान की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने तथा वैध पहचान दस्तावेजों की जांच के बाद ही मतदाताओं को प्रवेश देने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के लिए भी निर्देशित किया।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी सक्रियता से कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने जिले की चारों पंचायत समिति क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों सहित डांग क्षेत्र के मतदान केंद्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों एवं सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता से कार्य करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बयाना पंचायत समिति क्षेत्र के मिलकपुर, बंध बरेठा, तरसुमा एवं महमदपुरा तथा वैर पंचायत समिति क्षेत्र के समराया एवं धरसोनी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी प्रकार नदबई पंचायत समिति क्षेत्र के हन्तरा एवं डेहरा मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाताओं की सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................