भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। लोकतंत्र के महापर्व पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। पंचायत समिति नदबई की ग्राम पंचायत लालपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर देवेंद्र कुमार मीना, विश्वेंद्र सिंह तथा नवमतदाता जेन-जी प्रतिभा और रोशनी सोलंकी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पहली बार मतदान करने के बाद नवमतदाता जेन-जी प्रतिभा और रोशनी सोलंकी ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई है। उन्होंने अपने दोस्तों के साथ स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए उत्साहपूर्वक मतदान किया। नवमतदाताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है तथा सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
इसी क्रम में पंचायत समिति भुसावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत झारोटी में रामजीवन, रामेश्वर, खुशीराम, धर्मेंद्र मीना, जितेंद्र, रामसिंह, चन्द्रमल, रमेश, बिजेन्द्र, एवं श्रीफल सहित सरोज, मौला, सन्तो, लाली महिलाओं, युवाओं, दिव्यांगजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। तृतीय चरण के मतदान में युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास और जागरूकता को प्रदर्शित करती है। ग्राम पंचायत घाटरी के बूथ संख्या 6 पर पिता दिगंबर सिंह के पुत्र देवांश चौधरी ने पहला मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए शत-प्रतिशत मतदान करने का आव्हान किया।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए रही विशेष व्यवस्थाएं
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतदान केन्द्रों पर रैम्प, सारथी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रत्येक पंचायत समितिवार महिला मतदान केन्द्र एवं दिव्यांग फ्रेण्डली मतदान केन्द्र बनाकर दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करने के लिए ट्राईसाइकिल की व्यवस्था भी की गई। मतदान केन्द्रों पर स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक विद्यार्थी भी मतदाताओं की सहायता के लिए तत्पर रहे। उन्होंने बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचने तथा मतदान करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
महिलाओं ने उत्साह के साथ किया मतदान
पंचायतीराज आम चुनाव के दौरान महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बयाना पंचायत समिति क्षेत्र के बंध बारैठा, तरसूमा, थाना डांग, सरसैना के मतदान केन्द्रों पर ग्रामीण महिलाएं रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत गाते और नृत्य करते हुए मतदान केन्द्रों पर पहुंचीं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया।
तीन पीढी की महिलाऐं उत्साह के साथ लोकगीत गाते हुये मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करने पहुॅची। कई स्थानों पर महिलाएं समूह में मतदान केन्द्र पहुंचीं और अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह रहा। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर सहायता केन्द्र स्थापित किए गए। यहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया।
106 वर्ष के बुजुर्ग ने किया मतदान
भरतपुर जिले के भुसावर पंचायत समिति के निठार गांव में 106 वर्षीय मतदाता श्रीमती प्रेम देवी जांगिड़ ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। ग्राम पंचायत घाटरी में लोकतंत्र की एक प्रेरणादायी तस्वीर सामने आई। मनसापुरा निवासी 103 वर्षीय पूर्व चेयरमैन कजोड़ी लाल ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शतायु उम्र के पड़ाव पर भी कजोड़ी लाल पूरे उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे। इस उम्र में उनकी लोकतंत्र के प्रति निष्ठा और जज्बे को देखकर मतदान केंद्र पर मौजूद कर्मचारी और ग्रामीण भी अभिभूत हो गए।
मतदान करने के बाद पूर्व चेयरमैन कजोड़ी लाल ने क्षेत्रवासियों और खासकर नई पीढ़ी के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान हमारा सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अधिकार और कर्तव्य है, इसलिए हर नागरिक को घर से निकलकर वोट जरूर डालना चाहिए। उनका यह जज्बा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।