राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज: बार संघ कठूमर की बैठक में 12 दिसंबर को अधिक से अधिक प्रकरणों के आपसी निस्तारण पर दिया जोर
प्रीलिटिगेशन मामलों को लोक अदालत में लाने और पक्षकारों के बीच समझाइश कर विवाद सुलझाने के लिए अधिवक्ताओं को किया प्रेरित
कठूमर (दिनेश लेखी)। आगामी 12 दिसंबर को देशभर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक प्रशासन और बार संघ ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की ओर से सोमवार को बार संघ कठूमर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला न्यायाधीश (एडीजे) उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार संपन्न हुई।
आपसी समझाइश और त्वरित न्याय पर हुई चर्चा बैठक में 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित अधिवक्ताओं को प्रीलिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) प्रकरणों को लोक अदालत में रैफर करवाने तथा पक्षकारों के बीच आपसी समझाइश कर विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान आमजन को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में ये न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद बैठक में अधिवक्ताओं से लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए अधिकाधिक प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करवाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) कठूमर युधिष्ठिर मीना, तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा, योगेश चौहान सहित अधिवक्ता महेंद्र सिंह कपासिया, तेजसिंह राठी, ओमवीर सिंह फौजदार, गिरधारीलाल शर्मा, ललित मोहन शर्मा, सत्येंद्र सिंह चौधरी, श्याम सिंह चौहान, भवानी शंकर शर्मा एवं सुभाष चंद कठूमर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

