बैकुंठ चतुर्दशी पर जगन्नाथ मंदिर में सजा छप्पन भोग, मंगल गीतों से गूंजा चौपड़ बाजार
बैकुंठ चतुर्दशी पर जगन्नाथ मंदिर में सजा छप्पन भोग, मंगल गीतों से गूंजा चौपड़ बाजार
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल रहा। इस मौके पर भगवान जगन्नाथ जी महाराज एवं ठाकुर जी को छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई और छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। छप्पन भोग झांकी के दर्शन के लिए दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मंगल गीतों और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
मंदिर के महंत पंडित मदन मोहन शास्त्री और पंडित रोहित शर्मा ने बताया कि एक माह तक चलने वाले पवित्र कार्तिक मास के समापन क्रम में बैकुंठ चतुर्दशी के दिन मध्यान्ह में राधा दामोदर महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए राधा दामोदर महाराज की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। घंटे-घड़ियालों की मधुर ध्वनि और 'जय जय श्री राधे', 'जय राधा दामोदर', 'जय जगन्नाथ हरि' के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
देव दीपावली और पूर्णिमा पर प्रसाद वितरण
पंडित मदन मोहन शास्त्री ने जानकारी दी कि 23 और 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन पृथ्वी मंडल पर स्वयं देवता आकर दीप महोत्सव का उल्लास देखते हैं और यह दीपदान देवताओं के निमित्त किया जाता है। उन्होंने बताया कि कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा तिथि के दिन प्रातःकालीन मंगल आरती के पश्चात छप्पन भोग झांकी का यह प्रसाद सभी भक्तों में वितरित किया जाएगा, जिसके साथ ही एक माह से चल रहे कार्तिक मास का विधिवत व पूर्ण रूप से समापन होगा।
इनकी रही मौजूदगी
इस धार्मिक आयोजन में मंदिर महंत पूर्ण दास, पंडित मदन मोहन शास्त्री, पंडित रोहित शर्मा, गायत्री देवी, महेंद्र तिवारी, किट्टू सुरेंद्र माथुर और मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व भक्तजन उपस्थित रहे।

