नालसा स्पृहा योजना के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, टोल-फ्री नंबर 15100 पर मिली निःशुल्क सहायता की जानकारी
कठूमर / खेरली रेल (दिनेश लेखी)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर एवं तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर के तत्वावधान में मंगलवार को खेरली रेल स्थित काव्या लाइब्रेरी में ‘नालसा स्पृहा योजना’ के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 25 लाभार्थियों ने भाग लेकर अपने कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में अधिकार मित्र वीरेंद्र कुमार नूंगरवार ने बंदियों एवं गिरफ्तार व्यक्तियों के विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता, गिरफ्तारी व निरुद्धि के दौरान मिलने वाली कानूनी सुरक्षा तथा शिकायत निवारण व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देता है। किसी व्यक्ति के गिरफ्तार होने या जेल में निरुद्ध होने मात्र से उसके मौलिक अधिकार समाप्त नहीं होते; बंदियों को भी सम्मानजनक व्यवहार, निष्पक्ष सुनवाई और न्याय पाने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के समय व्यक्ति को गिरफ्तारी का कारण जानने, परिवार या परिचित को सूचना देने तथा अपनी पसंद के अधिवक्ता से परामर्श करने का अधिकार प्राप्त है। साथ ही, गिरफ्तार व्यक्ति को निर्धारित समय सीमा के भीतर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करना अनिवार्य है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र वर्ग के लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी न्याय से वंचित न रहे।
शिविर के दौरान यह भी बताया गया कि बंदियों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट, अमानवीय व्यवहार, उत्पीड़न या गैरकानूनी दबाव नहीं बनाया जा सकता। उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा एवं स्वास्थ्य परीक्षण मिलना सुनिश्चित है। यदि किसी बंदी को वकील उपलब्ध नहीं हो पाता है या उसके अधिकारों का हनन होता है, तो वह जेल प्रशासन, संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दर्ज करा सकता है।
अंत में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई, जिस पर संपर्क कर पात्र व्यक्ति निःशुल्क कानूनी मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। वक्ताओं ने कहा कि विधिक जागरूकता ही न्याय प्राप्ति की दिशा में पहला और सबसे सशक्त कदम है।

