सामाजिक सरोकार की मिसाल: गुण्डवास स्कूल के 73 विद्यार्थियों को मिली गर्म जैकेट, खिले बच्चों के चेहरे
सामाजिक सरोकार की मिसाल: गुण्डवास स्कूल के 73 विद्यार्थियों को मिली गर्म जैकेट, खिले बच्चों के चेहरे
कठूमर (दिनेश लेखी)। उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुण्डवास में सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हिण्डौन सिटी (करौली) निवासी भामाशाह सोहन सिंह (फायर ऑफिसर) एवं दिव्या (फायरमैन) की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत 73 विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म जैकेट वितरित की गईं। कड़ाके की ठंड के बीच नई गर्म जैकेट पाकर नौनिहालों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की संस्था प्रधान संतोष कुमारी ने भामाशाह सोहन सिंह एवं दिव्या का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराना अत्यंत पुनीत कार्य है। इस तरह के सहयोग से बच्चों को न केवल ठंड से राहत मिलती है, बल्कि उनमें पढ़ाई के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास भी जागृत होता है।
उन्होंने समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी आह्वान किया कि वे शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में आगे आकर सहयोग करें। भामाशाहों का यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे विद्यालय व समाज के बीच आपसी जुड़ाव और मजबूत होता है।
इस अवसर पर संस्था प्रधान संतोष कुमारी, अध्यापक विजय कुमार जैन, समर्थ लाल, बसराम बैरवा, शारीरिक शिक्षक मूलाराम, अध्यापिका मीरा बाई सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

