पति से विवाद के बाद 4 महीने की प्रेग्नेंट महिला ने उठाया खौफनाक कदम: पंखे पर लटका मिला शव

बयाना के लाल दरवाजा मोहल्ले में एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय अंजलि के रूप में हुई है। वह अपने कमरे में पंखे से लटकी मिली। अंजलि 4 माह की गर्भवती थी।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शादी 11 महीने पहले बयाना निवासी पुनीत जाटव से हुई थी। पुनीत स्टोन टाइल्स का काम करता है। अंजलि की छोटी बहन साधना की शादी भी पुनीत के छोटे भाई से हुई थी।
ASP हरिराम कुमावत के अनुसार, प्राथमिक जांच में पता चला है कि घरेलू विवाद के कारण पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इस दौरान पति ने अंजलि को थप्पड़ मारा था। संभवतः इससे दुखी होकर उसने आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही बयाना ASP हरिराम कुमावत, SDM दीपक मित्तल, CO कृष्णराज जांगिड और SHO बाबूलाल गुर्जर ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष के लोग भी बयाना पहुंच गए हैं। समाज के लोग दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश कर रहे हैं।






