वराड़ा बस स्टैंड पर कार सवार लोगों पर हमला, दो घायल – एक की हालत गंभीर

सिरोही (रमेश सुथार)
बरलूट थाना क्षेत्र के वराड़ा बस स्टैंड पर रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक कार को रोककर उसमें सवार लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरलूट थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह ने बताया कि मंडवारिया निवासी कल्पेश जैन, गिरीश जैन और मनीषा बेन रविवार रात बरलूट की एक होटल में भोजन करने के बाद कार से मंडवारिया लौट रहे थे। रास्ते में बावली तिराहे पर कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार को रुकवाने का प्रयास किया। आशंका के चलते चालक ने कार को तेजी से चलाकर वराड़ा की ओर मोड़ लिया।
वराड़ा बस स्टैंड पहुंचते ही आरोपियों ने कार को रोककर उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में कल्पेश जैन और गिरीश जैन घायल हो गए, जबकि मनीषा बेन को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हमले में कार को भी काफी क्षति पहुंची है।घायल कल्पेश जैन की स्थिति गंभीर होने पर उसे गुजरात रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाधिकारी सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।






