अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने किया अन्त्योदय संबल पखवाड़ा शिविर दरबारपुरा का निरीक्षण,राजस्व से लेकर स्वामित्व तक, आमजन को मिल रहा त्वरित समाधान और सशक्तिकरण
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राज्य सरकार द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा 2025 के तहत चल रहे ग्राम स्तरीय शिविरों में एक के बाद एक जनहित के कार्यों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत दी जा रही है। कहीं वर्षों से लंबित नाम शुद्धिकरण हो रहा है, तो कहीं विरासत के इंतकाल, जाति अंकन और मकान के पट्टे जैसे दस्तावेज़ हाथों-हाथ मिल रहे हैं।
पं. दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट ने उपखंड मुंडावर की ग्राम पंचायत दरबारपुरा में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन कर प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं और वस्तुस्थिति की जानकारी शिविर एवं स्टॉल प्रभारी से ली और लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक भी लिया।
उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पात्रतानुसार और सरकार की मंशानुरूप लाभ प्रदान करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि पखवाड़े का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग को आवंटित कार्यों, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बीपीएल परिवारों के बैंक सत्यापन, आवेदन प्राप्ति और सर्वे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एनएफएसए अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निस्तारण, आधार सीडिंग, ई के वाईसी, पीएचईडी विभाग को टंकियों की साफ सफाई एवं लीकेज की मरम्मत करने को कहा एवं लंबित कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।
दरबारपुरा के बलवंत, शेर सिंह की प्रतीक्षा हुई पूरी
निवासी ग्राम दरबारपुरा बलवंत, शेरसिंह, चंद्रहास पिता नरसिंह के अनुसार, उनके पिताजी के नाम में वर्षों से राजस्व अभिलेखों में त्रुटि बनी हुई थी, जिससे अनेक कामों में रुकावट आ रही थी। अंत्योदय संबल शिविर में जब उन्होंने यह मामला अधिकारियों के समक्ष रखा, तो अत्यंत सहानुभूति व तत्परता से नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। बलवंत ने इसे “व्यवस्था की संवेदनशीलता और सेवा भावना का सजीव प्रमाण” बताते हुए सभी अधिकारियों और राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया।
दरबारपुर में 41 वारिसानों को राहत- उपखंड मुंडावर की ग्राम पंचायत दरबारपुर में आयोजित शिविर में 41 मामलों में म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधितों को राहत पहुंचाई गई।
28 को यहां लगेंगे शिविर- 28 जून को उपखंड किशनगढ़ बास में चोरबसई एवं लंगड़बास, उपखंड कोटकासिम में बिलाहेडी, उपखंड मुंडावर में मातोर, बडली एवं झझारपुर, उपखंड टपूकड़ा में मायापुर, उपखंड तिजारा में लुहादेरा में कैंप आयोजित किए जाएंगे। शिवरो का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से सांय 5:30 बजे तक किया जाएगा।