तखतगढ़:हर घर पानी पहुंचाने का संकल्प: 25 वार्डों में लगेंगे पंप सेट, 7 से 10 दिन में सुधरेगी जलापूर्ति व्यवस्था

Nov 28, 2026 - 20:48
 0
तखतगढ़:हर घर पानी पहुंचाने का संकल्प: 25 वार्डों में लगेंगे पंप सेट, 7 से 10 दिन में सुधरेगी जलापूर्ति व्यवस्था

तखतगढ़ / बरकत खां

​पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत देते हुए नगर पालिका ने युद्धस्तर पर कदम उठाए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती जयश्री मनोज नामा की तत्परता के चलते जलदाय विभाग द्वारा पेयजल की कमी से अवगत करवाए जाने के मात्र 24 घंटे के भीतर कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी क्रम में फालना रोड स्थित पानी की टंकी के समीप लगभग 225 फीट गहरा नया ट्यूबवेल खुदवाया गया है, जिसमें मीठे पानी की उपलब्धता होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

​इस नए ट्यूबवेल से फालना रोड स्थित पानी की टंकी में पर्याप्त जल भर सकेगा, जिससे गौरव पथ, जालौर रोड, वार्ड संख्या 8 व 9 तथा महावीर बस्ती क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। पेयजल व्यवस्था को स्थायी और मजबूत बनाने के लिए पूर्व में खुदवाए गए ट्यूबवेलों पर विद्युत कनेक्शन करवाकर पंप चालू किए जा रहे हैं तथा पानी की टंकियां स्थापित की जा रही हैं।

​10 दिन में सभी 25 वार्डों को राहत देने का लक्ष्य

नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में एक-एक स्थान पर हैंडपंप के स्थान पर पंप सेट लगाकर पानी की टंकियों में जलापूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। नगर पालिका का लक्ष्य है कि आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर सभी वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू कर आमजन को राहत दी जाए।

​बेजुबान मवेशियों और टैंकरों का भी इंतजाम

नगर पालिका ने केवल नागरिकों ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों और मवेशियों की प्यास बुझाने का भी ध्यान रखा है। विभिन्न स्थानों पर बने मवेशियों के अवालों में नियमित रूप से पानी भरवाया जा रहा है, ताकि पेयजल की कमी के दौरान उन्हें भटकना न पड़े। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त पानी की जरूरत होगी या नियमित आपूर्ति में बाधा आएगी, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा।

​जनसहयोग की अपील और हर घर पानी का संकल्प

अध्यक्ष श्रीमती जयश्री मनोज नामा ने आमजन, भामाशाहों और समाजसेवियों से पेयजल व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से टैंकर और अन्य संसाधन और मजबूत किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "पेयजल मूलभूत आवश्यकता है और इसे सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा संकल्प है कि तखतगढ़ के सभी 25 वार्डों में नियमित व पर्याप्त पानी मिले और हर घर तक समय पर जल पहुंचे।"

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................