अस्पताल मॉर्च्युरी के पास बायोमेडिकल वेस्ट का ढेर: कुत्तों का जमावड़ा रहता है, संक्रमण फैलने का खतरा
जिले के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल में हर जगह अव्यवस्था
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर के आरबीएम जिला अस्पताल के हालात खराब है। यहां बायोमेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा है। कुत्तों का जमावड़ा रहने और बारिश का सीजन होने के कारण इससे संक्रमण फैलने का खतरा है।
हॉस्पिटल के डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया- मॉर्च्युरी के पास पड़ा बायोमेडिकल वेस्ट हटाने के लिए कई बार बोला गया है, लेकिन सफाई ठेकेदार सुनते नहीं। ठेकेदार मॉर्च्युरी का कचरा बाहर फेंक जाते हैं। मॉर्च्युरी पर हमेशा गंदगी रहती है। बदबू आती है। वहां ठहरना मुश्किल है। संक्रमण भी फैल सकता है।
हॉस्पिटल में हर जगह अव्यवस्था
जिले के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल में हर जगह अव्यवस्था नजर आती है। परिसर में एंट्री करते ही जगह-जगह वाहन खड़े रहते हैं। अस्पताल स्टाफ के लोग ही वाहनों को बेतरतीब खड़ा कर चले जाते हैं। इससे कई बार एम्बुलेंस आने-जाने तक का रास्ता नहीं मिलता। मॉर्च्युरी के रास्ते पर कीचड़ जमा है। लोगों को गंदगी में से होकर निकलना पड़ता है। अस्पताल में पर्याप्त गार्ड होने के बाद भी ये अव्यवस्थाएं हैं।


