एंटीवायरस अभियान के तहत साइबर ठगी के आरोप में चार युवक गिरफ्तार: 11 मोबाइल फोन और 13 फर्जी सिम कार्ड जब्त
डीग की जुरहरा थाना पुलिस ने एंटीवायरस अभियान के तहत साइबर ठगी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सौनोखर औद्योगिक क्षेत्र के पीछे कुछ युवक साइबर ठगी कर रहे हैं।
इस सूचना पर जालेरा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। रात के समय एक स्थान पर इकट्ठे हुए साइबर ठगों को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजला (19), मोहम्मद कैफ (19 ), आमिर (26) और सुबदिन (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 एंड्राइड मोबाइल फोन और 13 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस घंटों से आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस पूछताछ से कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस एंटीवायरस अभियान के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में साइबर अपराधों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।