गायत्री परिवार ने धूमधाम एवं अगाध श्रद्धा भाव के साथ मनाया जन्माष्टमी पर्व
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव ) अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा के तत्वाधान में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व स्थानीय गायत्री प्रज्ञापीठ भुरीकुड़ी में बहुत ही धूमधाम एवं अगाध श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। गायत्री परिवार के स्थानीय संयोजक बजरंग लाल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर सर्वोदय कार्यकर्ता बद्री प्रसाद तंवर के परिवार द्वारा जन्माष्टमी पर्व की विशेष तैयारियां की गई थी। गायत्री प्रज्ञापीठ के सम्पूर्ण परिसर को श्री कृष्ण लीला से संबंधित चित्रों, पोस्टरों, छोलदारी,झालर एवं पुष्पों से विशेष रूप से सजाया गया। रात में 8 बजे से मध्य रात्रि तक कुमारी जयश्री तंवर के कुशल नेतृत्व में श्री कृष्ण लीला के विशेष प्रसंगों की झांकीयां तथा बाल कलाकारों द्वारा नृत्य, नाटिका एवं संगीत की प्रस्तुति दी गई। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समारोह के मध्य में बद्री प्रसाद तंवर ने श्री कृष्ण के भक्तियोग, ज्ञानयोग एवं कमर्योग पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। राधेश्याम सैनी एंड भजन पार्टी द्वारा रातभर श्री कृष्ण भक्ति एवं जीवनलीला से संबंधित पावन भजनों की सरिता प्रवाहित की गई।
गायत्री परिवार के स्थानीय शाखा संचालक बजरंगलाल सोनी ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अबकी बार समाजसेवा एवं धार्मिक आध्यात्मिक सेवा में सहयोग करने वाले तीन आदर्श दम्पति फूलचंद सैनी संतोष देवी, डॉ बृजलाल डॉ सीमा देवी एवं मनोज कुमार संजू देवी का सम्मान भी किया गया।
इस आयोजन में विशेष सहयोग गोकुल चंद सैनी जयपुर, संतोष सैनी जयपुर, बनारसी देवी मुम्बई, जगदीश प्रसाद तसीड़, मोहन लाल असवाल ,शिम्भूदयाल तंवर, देशराज सैनी, कुमारी जयश्री तंवर, रामसिंह सैनी, अविनाश तंवर,सज्जना देवी, सावित्री देवी, रमा देवी, विश्वास कुमार तंवर, फूलचंद तंवर, मनोज कुमार नवोड़ा, हिमांशु पापटवाण, अभिषेक मिटावां एवं आशिष तंवर का रहा। इस आयोजन में सैकड़ों नागरिक देर रात तक श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं भक्ति भाव से ओतप्रोत हुए। समारोह आयोजन का संचालन बद्रीप्रसाद तंवर ने किया।