जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलक्टर ने सुनी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जनसुवाई में 65 प्रकरण प्राप्त हुए
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केन्द्र में आयोजित की गई।
जिला जन अभाव अभियोग एवं सर्तकता समिति की मासिक बैठक में जिला कलक्टर ने विभिन्न परिवादों को सुनकर समाधान योग्य प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करवाया। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी वर्चुअली जुड़े। उन्होंने संबंधित ब्लॉक अधिकारियों को अपने क्षेत्र की वाजिब शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने एसीईओ को निर्देश दिया कि सेवर की ग्राम पंचायत बहनेरा में रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को पुलिस के सहयोग से हटाया जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और विद्युत विभाग अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर निगम भरतपुर द्वारा सुपर बाजार की निर्माणाधीन सीसी रोड़ के मध्य में आ रहे खंभे को शीघ्र हटाकर ही किनारों पर लगायें, जिससे आवाजाही में सुविधा प्राप्त हो।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त को वार्ड नंबर 47 के कृष्णा नगर में खराब रोड लाइटों को शीघ्र ठीक करने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को विजयनगर वार्ड नम्बर 14 में रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को वार्ड नम्बर 64 चुंगीचौकी रेलवे स्टेशन में नालियों की साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचईडी के अधिकारी को पक्काबाग वार्ड 50 में आ रहे बदबूदार पानी की समस्या का निस्तारण कर स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जलदाय विभाग को ग्राम पंचायत जहांगीरपुर के ग्राम होता में पानी की टंकी को मीठे पानी कीे बोरिंग से जोडने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम मलाह और रामनगर के मध्य में अवैध कनेक्शनों को हटाया जाये, जिससे पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके। उन्होंने संगम विहार कॉलोनी की पाइपलाइन में लीकेज ठीक करायें जिससे जलभराव की समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को पुरावाई खेडा के दिव्यांग को ट्राई साईकिल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
ये प्रकरण हुए प्राप्त-
जन सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन की जायज समस्या का त्वरित समाधान करें। समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं बरती जाए। जनसुनवाई में 65 प्रकरण प्राप्त हुए। जन सुनवाई के दौरान उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए जमीन आवंटन, सिलिकोसिस में मुआवजा राशि भुगतान, जन्मतिथि में संशोधन, पीएम आवास की स्वीकृति नहीं मिलने, खेत में जाने का रास्ता, जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाने, घरेलू कनेक्शन, तरमीम शुद्धि, सीमाज्ञान, बिजली के बिल में नाम संशोधन, नामान्तरकरण, आर्थिक सहायता, पेंशन का सत्यापन, गैर खातेदारी से खातेदारी, आवासीय पट्टे, मूल निवास प्रमाण पत्र, मनरेगा में मेट के कार्य का भुगतान, खेत की रजिस्ट्री में नाम संशोधन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने सहित अन्य प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सुरक्षा योजनाओं से जुड़े लाभान्वित-
जिला कलक्टर ने कहा कि 30 सितम्बर तक वित्तीय समावेशन एवं जन सुरक्षा सेचुरेशन अभियान के तहत प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री जन-धन निष्क्रिय खातों की री-केवाईसी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं को शत-प्रतिशत लागू करने और सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए बैंकर्स, जनप्रतिनिधियों, बीडीओ, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी संबंधित अधिकारियों से मिलकर कार्य योजना बनाई। योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए शिविरों में पात्रजनों को योजनाओं के लाभों की जानकारी दी जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों से सहयोग लिया जाये। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर में सभी पात्र लोगों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ई-गिरदावरी एवं फार्मर रजिस्ट्री शिविरों में प्रगति लायें। उन्होंने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी अपने तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी के साथ नियमित रूप से समीक्षा बैठक करें एवं ई-फाईलिंग का कार्य राजकाज के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत व उपखण्ड स्तरीय की जनसुनवाई प्रकरणों का रिव्यु करने संतुष्टि प्रतिशतता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त संभागीय आयुक्त कमलसिंह यादव, सीईओ मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, डीएफओ मानस सिंह, बीडीए सचिव नीलिमा तक्षक, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज, एसीईओ विनय मित्र, पीएमओ नगेन्द्र भदौरिया सहित जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में जिले भर से आए परिवादियों की समस्याएं सुनी गई।


