भरतपुर :साप्ताहिक समीक्षा बैठक राजकीय कार्यालयों के कार्य ई-फाईलिंग से हो सम्पादित-जिला कलक्टर
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 01 सितम्बर। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को बजट घोषणाओं की क्रियान्विति के लिए विभागीय स्तर पर मॉनिटरिंग करते हुए गति प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं बजट घोषणाओं का लाभ धरातल पर मिले इसके लिए संबंधित अधिकारी समन्वय और टीम भावना से कार्य करें। सभी अधिकारी बजट घोषणा, सांसद, विधायक संबंधित भूमि आवंटन संदर्भ में अपने आवश्यक दस्तावेज भेजना सुनिश्चित करें। विभागीय बजट घोषणाओं में प्रगति लाने के संबंधित अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्मिकों के साथ नियमित समीक्षा बैठक करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने महत्वपूर्ण मामले, बजट घोषणा संबंधित मुद्दों और प्रगति रिपोर्ट एडीएम सिटी को साझा करें। उन्होंने पीएचईडी को शेष हैंडपंप लगाने हेतु भूमि आवंटन प्रस्ताव शीघ्र भेजकर कार्य शुरू करवाने को कहा। उन्होंने नगर निगम, बीडीए और पशुपालन विभाग अधिकारी को आगामी 27 सितम्बर से शुरू होने वाले श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला के आयोजन स्थल पर वर्षा जल निकासी हेतु ड्रेनेज सिस्टम को लेकर व्यापक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार के दिशानिर्देशानुसार राजकीय कार्यालयों में सभी तरह के कार्य ई-फाईलिंग के जरिए ही सम्पादित किए जाएं। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें की कोई भी कार्य ऑफलाइन संपादित नहीं हो। उन्होंने विभागवार राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त होने वाले परिवादों का समयावधि से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। प्रत्येक समस्या का अध्ययन कर परिवादी को वास्तविक रूप से समस्या निराकरण के साथ जबाब भिजवाया जाए। उन्होंने 30 दिन से अधिक लम्बित प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुये समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी निस्तारित समस्याओं के संतुष्टि लेवल के नियमित रूप से जांच कर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने पीडब्लूडी अधिशाषी अभियंता को सेवर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण एवं ब्राण्डिंग विकास कार्य को शीघ्र पूर्ण करने एवं जनाना तथा आरबीएम अस्पताल में शौचालय के बाहर लीकेज की समस्या निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएम अस्पताल के भूमि पट्टा प्रकरण हेतु बागवानी, बीडीए सचिव और सीएमएचओ को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला परिषद सीईओ को कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में घुमंतु एवं भूमिहीन परिवारों के सर्वे कर पट्टे जारी करने के लिए सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमएजीवाई पोर्टल पर 23 चयनित ग्रामों की ग्राम विकास योजना बनाने हेतु निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बाबा साहब अम्बेडकर आदर्श ग्राम योजना में चयनित ग्राम खेडाठाकुर में बरसात होने पर ज़र्जर, क्षतिग्रस्त हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को लिया जाकर इनका पुनः मरम्मत या निर्माण कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाली, नालों पर हो रहे अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी मौका निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने नवजीवन योजनान्तर्गत नगर निगम आयुक्त, बीडीए, सीईओ और समाज कल्याण अधिकारी परस्पर कार्ययोजना बनाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवा सहकारी समिति खाद, बीज वितरण करने के लिए कृषि विभाग के माध्यम से लाइसेंस प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने एमएसजे कॉलेज परिसर में संचालित युवा साथी केंद्र के कमरों का रंगरोगन करने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईसीडीएस विभाग अपने सुपरवाइजर की मदद से बरसात से क्षतिग्रस्त, लीकेज, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति जांच या सर्वे कर सूची बनाकर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आदि कर्मयोगी अभियान के सफल क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग करने के लिए अभियान से जुड़े संबंधित अधिकारियों का वॉट्सअप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर निदेशक घना मानस सिंह, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, सचिव बीडीए नीलिमा तक्षक, उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा, उच्चैन भारती गुप्ता, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत रामहेत मीणा, अधीक्षण अभियन्ता सानिवि आरसी मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।