खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वाश का विकास होता है- जवाहर सिंह बेढम
गुलपाड़ा में किया 69 वीं जिला स्तरीय माध्यमिक और उच्च माध्यमिक खेल कूद प्रतियोगिता का उदघाटन
डीग (नीरज जैन) खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है, जो उनके जीवन को ऊँचाइयों तक ले जाता है यह बात रविवार को डीग जिले के गांव गुलपाडा के पी एम श्री महात्मा गांधी राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 69 वीं जिला स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी समान अवसर मिले, ताकि उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके। गृह राज्य मंत्री बेढम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांव से निकलने वाले खिलाड़ी एक दिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान गृह राज्य मंत्री बेढम ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से नवनिर्मित टेनिस कोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह टेनिस कोर्ट यहां के युवाओं के सपनों को पंख देने का काम करेगा। गृह राज्य मंत्री बेढम ने युवाओं को खेल भावना और निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

