नारायणपुर के बास दयाल में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का विधायक ने किया उद्घाटन
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) नारायणपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बास दयाल में आज नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।
उद्घाटन समारोह में विधायक शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा सुविधाओं को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़े, इसके लिए गांव-गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बास दयाल में बने इस केंद्र से आसपास के ग्रामीणों को समय पर इलाज और परामर्श की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आपात स्थिति में भी तुरंत उपचार मिल सकेगा।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। करोड़ों रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य तेज गति से चल रहे हैं। आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़े प्रोजेक्ट भी प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र खुलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में चिकित्सा सुविधा की कमी महसूस हो रही थी। अब गांव के ही पास स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र कांत शर्मा पंचायत समिति सदस्य जयचंद सैनी पार्षद संदीप नागा जिला उपाध्यक्ष नगेंद्र सिंह शेखावत अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


