जिला स्तरीय बैंकिंग समीक्षा समिति की बैठक संपन्न सैचुरेशन कैंपों व ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय बैंकिंग समन्वय एवं समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक आयोजित हुई।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले में चल रहे सैचुरेशन कैंपों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की बैंकवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इसी दौरान वार्षिक साख योजना 2025-26 की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
जिला कलेक्टर ने बैठक में सैचुरेशन कैंपों के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित "ग्राम सेवा शिविर" एवं "शहरी सेवा शिविर" की प्रगति की जानकारी ली और इसमें और अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि वे ऋण वितरण में तेजी लाएं और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं ताकि सरकारी उद्देश्यों की पूर्ति हो सके।
अग्रणी जिला प्रबंधक हरि नारायण मीना ने बताया कि जून 2025 तक जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। कृषि क्षेत्र में ₹2796 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध ₹1037 करोड़, एमएसएमई क्षेत्र में ₹5408 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध ₹3227 करोड़ तथा अन्य प्राथमिकता क्षेत्र में ₹913 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध ₹48 करोड़ की उपलब्धि प्राप्त हुई है। जिले का साख-जमा अनुपात 118 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले में बैंकिंग गतिविधियों की मजबूती को दर्शाता है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, आरबीआई एलडीओ अक्षय गुंबर, डीडीएम नाबार्ड दीपक जाखड़, पीएनबी अलवर मंडल प्रमुख श्वेतांक कुमार, राजस्थान ग्रामीण बैंक उप क्षेत्रीय प्रबंधक पी.सी. गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।