अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) जिले में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उन्हें समाज में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से पेंशन प्राप्त कर रहे वरिष्ठ नागरिकों को जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने कार्यक्रम में शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल भेंट कर एवं पुष्पमालाएँ पहनाकर सम्मान किया। सम्मानित होने वालों में जंगली सिंह मेघवाल, सरदार बलबीर सिंह, श्याम सिंह, लाल खान और जहूर खान शामिल रहे।
जिला कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं, जिन्होंने अपने अनुभव और परिश्रम से समाज को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आदर और सम्मान की भावना बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है।
जिला कलेक्टर ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी वृद्धजनों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ा जाए तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का पूर्ण लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी सुविधाओं से संबंधित फीडबैक प्राप्त किया।
स्वयंसिद्धा आश्रम के संचालक रूपसिंह गुर्जर ने संस्था की ओर से वृद्धजनों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिला पेंशन समाज के अध्यक्ष पोहपसिंह यादव ने सेवानिवृत्त वृद्धजनों के पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग जिला प्रशासन से की। इस अवसर पर जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमीवाल, ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी गजराज सिंह, सौरभ चौधरी, नवीन यादव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

