महिला नीति के अंतर्गत दी गई छात्राओं को वित्तीय साक्षरता की जानकारी
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में राजस्थान राज्य महिला नीति 2021 के अंतर्गत बुधवार को बैंक कर्मियों द्वारा छात्राओं को वित्तीय साक्षरता से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. उमा शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन, बचत, निवेश और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना हैं।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक शाखा से आए नवीन कुमार एवं सुनील कुमार ने छात्राओं को खाते खोलने की प्रक्रिया, एटीएम कार्ड, यूपीआई, नेट बैंकिंग, स्टार्टअप हेतु लोन, साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में हर व्यक्ति को डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित रूप से लेनदेन करना आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बैंक कर्मियों ने प्रधानमंत्री जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ी वित्तीय सुविधाओं की भी जानकारी दी। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे जिनका समाधान बैंक अधिकारियों ने विस्तार से किया साथ ही इच्छुक छात्राओं के जीरो बैलेंस खाते भी खोले गए।
महाविद्यालय प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने बैंक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।