दीपावली पर असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने की मांग
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में मनाने की मांग को लेकर खैरथल शहर के आनंद नगर कॉलोनी के निवासियों ने जिला कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपा ।
ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि दीपावली के दौरान हर वर्ष कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में सक्रिय हो जाते हैं, जो तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल दौड़ाते हैं, पटाखों से शोरगुल मचाते हैं और आस पड़ोस के लोगों को परेशान करते हैं। समस्या लेकर पहुंचे लोगों ने बताया कि बीते कुछ वर्षों से दीपावली की रातों में आनंद नगर से किशनगढ़ रोड तक का इलाका उपद्रवियों का अड्डा बन जाता है। युवक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए सड़कों पर हुड़दंग करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। बच्चों और महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। शिकायत में कॉलोनी के वाशिंदों ने बताया कि कई बार पुलिस को सूचित किया जाता है, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक उपद्रवी भाग जाते हैं। जिसके कारण उपद्रवियों के हौसले बुलंद रहते हैं। ज्ञापन पर रॉकी कुमार, दीपक, हेमंत शर्मा, सोनू, कमलेश, नितिन, रमेश, मनीष, राजेश, श्याम सुंदर वासुदेव लखानी, इंद्र कुमार जयप्रकाश, भवानी सिंह सहित दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर किए।

