उपचुनाव जीतकर भाजपा रचेगी इतिहास - पारीक
अंता (शफीक मंसूरी ) अंता विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मोरपाल सुमन निर्वाचित होकर इतिहास रचेंगे। शनिवार को मोरपाल सुमन के नामांकन के दौरान अन्ता पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया।
प्रदेश प्रवक्ता पारीक ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल ने भाजपा परिवार के एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकिट देकर एक बार फिर ये साबित किया है कि हमारे यहां बूथ अध्यक्ष रहा कार्यकर्ता भी विधायक का दावेदार बन जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्ही के बीच के कार्यकर्ता को चुनावी समर में उतारा है। जिसे विजय श्री दिलवाने का जिम्मा भी अब क्षेत्र की जनता का है।
पारीक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने फिर से ऐसे व्यक्ति को टिकिट दिया है, जिन पर दर्जनों मुकदमें हैं और पूर्व मंत्री और कांग्रेस के प्रभावशाली नेता रहे स्वर्गीय भरत सिंह ने भी उनपर भ्रष्टाचार के जमकर आरोप लगाये हैं। पारीक ने कहा कि मांगरोल अंता क्षेत्र में
भाजपा के कद्दावर नेता रहे रघुबीर सिंह कौशल, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी सहित अन्य नेताओं के कार्यकाल में अंता समेत बारां जिले में विकास की गंगा बही हैं। भाजपा सरकारों ने कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र में प्रगति, सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं युवा सशक्तिकरण, जल व बिजली क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव कर आमजन को राहत देने का कार्य किया है
वहीं केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य एवं योजनाएं आमजन एवं जरूरतमंद को आसानी से मुहैया कराई है। दूसरी ओर गहलोत सरकार में दो बार मंत्री रहे कांग्रेस प्रत्याशी ने भ्रष्टाचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एक बार तो उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते मंत्री पद तक छोड़ना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी ने दूसरी बार मंत्री बनने के पश्चात जमकर अवैध खनन किया और भ्रष्टाचार किया। पारीक ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी आमजन के मन से उतर चुकी है और अन्ता की जनता ने कमल खिलाकर भाजपा प्रत्याशी मोरपाल को विधानसभा भेजने की ठान ली है।