वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत विशेष रेलगाडी 10 नवम्बर को होगी रवाना
कुल 970 वरिष्ठ नागरिक करेंगे यात्रा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 अन्तर्गत विशेष रेलगाड़ी सवाईमाधोपुर से रामेश्वरम्-मदुरई वाया सोगरिया (कोटा)-बारां ट्रेन 10 नवम्बर को सांय 4 बजे सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
आयुक्त देवस्थान विभाग कन्हैयालाल स्वामी ने बताया कि योजना की इस यात्रा गाड़ी में सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से सवाईमाधोपुर व करौली जिले के 450, सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से बूंदी व झालावाड जिले के 400 यात्री एवं बारां रेलवे स्टेशन से बारां जिले के 120 यात्री कुल 970 यात्री यात्रा में शामिल होगे। उन्होंने बताया कि सभी 970 यात्रियों को तीनों रेलवे स्टेशन पर पहुंचने हेतु सूचित किया जा चुका है, ताकि समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर सके। उन्होंने बताया कि सवाईमाधोपुर व करौली जिले के यात्रियों को सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन पर प्रातः 10 बजे, बूंदी व झालावाड जिले के यात्रियों को सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन पर प्रातः 11 बजे एवं बारां जिले के यात्रियों को बारां रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1 बजे से रिपोर्ट करना है। यात्रा में सभी यात्रियों की देख-रेख हेतु 1 ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारियों को अनुदेशक एवं चिकित्सा व्यवस्था हेतु एक डॉक्टर व 2 नर्सिंग अधिकारी भी रहेगे जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेगें।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 हेतु चयनित यात्री अपने साथ ऑनलाइन भरे गये आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी मय प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार, आधार कार्ड एवं दो पासपोर्ट साईज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य होगा और दैनिक उपयोग की सामग्री आवश्यक औषधियाँ, व्यक्तिगत आवश्यकता हेतु नकदी, कपडे लाने होगें। उन्होंने ट्रेन में 8 दिन तक यात्रियों के आवास, भोजन इत्यादि की समस्त व्यवस्थाऐं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा की जायेगी फलतः यात्रियों हेतु यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।

