कठूमर क्षेत्र की बाल वाहिनियों में सुरक्षा मानकों के घोर उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के दिये निर्देश

अलवर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का सख्त कदम:

Nov 14, 2025 - 14:43
 0
कठूमर क्षेत्र की बाल वाहिनियों में सुरक्षा मानकों के घोर उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के दिये निर्देश

कठूमर (दिनेश लेखी।) अलवर जिला विधिक सेवा निरीक्षण प्राधिकरण के सचिव मोहन लाल सोनी की टीम द्वारा शुक्रवार को कठूमर क्षेत्र में स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली बाल वाहिनियों का आकस्मिक और व्यापक  निरीक्षण किया। 
कठूमर कस्बे की स्कूलों की बाल वाहिनियों के निरीक्षण के दौरान आशा ब्रजबास, विवेकानंद स्कूल, विद्यास्थली स्कूल, जीआईएस स्कूल और जागृति स्कूल कठूमर से जुड़ी कई बाल वाहिनियों में सुरक्षा नियमों के घोर उल्लंघन की गंभीर कमियां पाई गईं, जिस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सख्त नाराजगी व्यक्त की है।
वहीं निरीक्षण टीम ने पाया कि कई वाहनों पर बच्चों के परिवहन के लिए अनिवार्य पीला रंग नहीं किया गया था। कुछ वाहनों पर तो गाड़ी का नंबर तक स्पष्ट रूप से अंकित नहीं था। और सुरक्षा की दृष्टि से सबसे चिंताजनक यह था कि बच्चों की आकस्मिक सुरक्षा के लिए अति आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा पेटी (फर्स्ट एड किट) और अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) जैसे बुनियादी उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। 
इसके अतिरिक्त अधिकांश वाहनों में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा के लिए जीपीएस (GPS) सिस्टम भी स्थापित नहीं मिले और कई वाहनों के आवश्यक कानूनी दस्तावेज (जैसे फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट आदि) मौके पर प्रदर्शित नहीं किए गए।

सबसे गंभीर उल्लंघन यह था कि कई बसों में क्षमता से अधिक बच्चे बिठाए गए पाए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर ने इस स्थिति को सर्वोच्च न्यायालय और रालसा के निर्देशों का सीधा उल्लंघन और बच्चों के जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य माना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मोहन लाल सोनी ने इस गंभीर अनियमितता पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित स्कूल प्रशासन और वाहन मालिकों को तत्काल प्रभाव से सभी सुरक्षा मानकों का शत -प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में नियमों का किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह निरीक्षण अभियान अलवर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक दृढ़ और महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................