कैथवाड़ा पुलिस की कार्यवाही, 2 साइबर ठग गिरफ्तार: तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो बाइक जब्त
ऑनलाइन धोखाधड़ी, अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
भरतपुर रेंज आईजी एवं डीग एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर कैथवाड़ा पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ऑनलाइन सस्ता सामान बेचने, अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने और धोखाधड़ी कर लोगों को ठगते थे।
कैथवाड़ा थानाधिकारी ताराचंद शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दौंदडी बंध से तालिम पुत्र दाउद और वारिस पुत्र सौकत को पकड़ा गया। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें फर्जी फेसबुक और व्हाट्सएप आईडी मिलीं। ये अनजान लोगों से अश्लील चैटिंग करते थे, वीडियो कॉल कर उनके अश्लील वीडियो बनाते थे। फिर इन वीडियो के जरिए फंसाने और धमकी देकर ऑनलाइन सस्ता सामान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। इस काम के लिए वे फर्जी सिम और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


