कैथवाड़ा पुलिस ने राफ बस स्टैंड से पकड़ा बलात्कार का आरोपी
पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता की हासिल
डीग (राजस्थान) कैथवाड़ा पुलिस ने बलात्कार के आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को राफ बस स्टैंड से पकड़ा गया। पुलिस ने मामला दर्ज होने के तुरंत बाद ही अनुसंधान शुरू कर दिया था।
पीड़िता ने थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। थानाधिकारी ताराचंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन में घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराया। इसके साथ ही, पीड़िता और उसके परिजनों के बयान लेखबद्ध किए गए। पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष भी दर्ज कराए गए हैं। घटना स्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा भी तैयार किया गया।
प्रकरण में नामजद आरोपी अरविंद पुत्र राजू उर्फ राजकुमार निवासी राफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।

