औद्योगिक भ्रमण से छात्राओं को मिला व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास की दिशा में सशक्त पहल
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) भीलवाड़ा. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नागौरी मोहल्ला (पुर) में संचालित व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत फूड प्रोसेसिंग एवं ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की छात्राओं का औद्योगिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कौशल मित्र निरूपमा यादव के कुशल मार्गदर्शन और सशक्त नेतृत्व में आयोजित भ्रमण में कक्षा नौ और दस की छात्राओं ने भाग लिया। इस औद्योगिक भ्रमण का शुभारंभ प्रख्यात शिक्षाविद एवं “वर्तमान में हनुमान” पुस्तक के लेखक चंद्रेश टेलर द्वारा हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना करने के साथ हुआ। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण व्यावसायिक शिक्षा को व्यवहारिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करते हैं।
श्री माधव गौविज्ञान अनुसंधान केंद्र (गौशाला) में छात्राओं को गौ-पालन, गौ-आधारित उत्पादों तथा उनके वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। यहां डॉक्युमेंट्री फिल्म के माध्यम से संपूर्ण प्रक्रिया समझाई गई तथा गौशाला के प्लांट का गहन अवलोकन कराया गया, जिससे छात्राओं को वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। वहीं ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की छात्राओं ने एक प्रतिष्ठित ब्यूटी पार्लर का भ्रमण कर आधुनिक सौंदर्य तकनीकों, उपकरणों के प्रयोग, स्वच्छता मानकों एवं प्रोफेशनल वर्क कल्चर की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात गोकुल डेयरी में दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं पैकेजिंग की आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
इस भ्रमण का आयोजन वोकेशनल टीचर पूजा दाधीच के सक्रिय सहयोग से किया गया। भ्रमण के दौरान अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजीव शर्मा एवं कनिष्ठ सहायक श्रुति सारस्वत का सहयोग रहा। विद्यालय की प्राचार्य भारती शर्मा ने कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण छात्राओं के कौशल विकास, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। वहीं उप प्राचार्य योगेश दाधीच ने व्यावसायिक शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बताते हुए इस सफल आयोजन की सराहना की। यह औद्योगिक भ्रमण अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा।


