अवैध हथियारों के देशी कट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर कोतवाली पुलिस द्वारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली थाने के एएसआई होशियार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 4 बजे पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टोयटा शोरूम के सामने ब्रिज के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े नजर आए। जैसे ही दोनों युवकों ने पुलिस की गाड़ी को देखा, वे वहां से जाने का प्रयास करने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही रोक लिया और उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से अवैध देसी कट्टा 315 बोर का बरामद किया गया। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान खिल्लू निवासी अकबरपुर और मोहनलाल निवासी बल्देवगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में दोनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई होशियार सिंह ने बताया कि आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे हथियार कहां से लाए थे और उनका किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल करने की योजना तो नहीं थी। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों युवक किसी गिरोह से जुड़े तो नहीं हैं।