कोर्ट के आदेश के बावजूद रास्ते पर चलाई जेसीबी, रोकने पर हुआ हिंसक झगड़ा
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर अरावली विहार थाना क्षेत्र के समोला में रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। मामला तब बिगड़ा जब न्यायालय उपखण्ड अधिकारी, अलवर द्वारा पूर्व में पारित आदेशों के बावजूद एक पक्ष ने विवादित रास्ते पर जेसीबी मशीन चला दी। जब दूसरे पक्ष ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए जेसीबी रोकने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रास्ते को लेकर प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है और पूर्व में आदेश पारित किए गए थे कि वर्तमान स्थिति में रास्ते की स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद आरोप है कि एक पक्ष ने जबरन जेसीबी से रास्ते में खुदाई एवं परिवर्तन का प्रयास किया।
घटना की जानकारी देने वाले बलवंत ने बताया कि जब दूसरे पक्ष ने कोर्ट के आदेश दिखाकर जेसीबी रोकने की बात कही तो मौके पर मौजूद लोगों ने आपसी विवाद के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस झगड़े में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सूचना पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों के बयान दर्ज किए हैं। मामले में कोर्ट के आदेशों की अवहेलना और मारपीट के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।