मावठ से नए साल की शुरुआत
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में नए साल की शुरुआत सीजन की पहली मावठ के साथ हुई। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो लगभग तीन घंटे तक दोपहर 3 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। मावठ से पहले बुधवार को हल्के बादलों के कारण दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। मौसम विभाग ने भरतपुर जिले के लिए घने कोहरे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि राजस्थान में सक्रिय मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई है। इसके परिणामस्वरूप आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट और सर्दी बढ़ने की संभावना है। बूंदाबांदी और ठंड के कारण बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकले। किसानों के लिए यह मावठ लाभकारी मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश गेहूं, चना, सरसों जैसी फसलों के लिए फायदेमंद होगी। इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों की वृद्धि बेहतर होगी। हालांकि, विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि लगातार अधिक बारिश या पाला पड़ने की स्थिति में फसलों को नुकसान होने की आशंका रहती है, इसलिए किसान मौसम पर लगातार नजर रख रहे हैं।

